
प्रयागराज में मिशन शक्ति 5.0 रैली का भव्य शुभारंभ
नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मिला नया संबल
प्रयागराज। 21 सितम्बर 2025 — “नारी ही शक्ति है, और शक्ति ही समाज की पहचान” के संदेश के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम मिशन शक्ति 5.0 के पंचम चरण की रैली का आज भव्य आगाज़ हुआ।
रिज़र्व पुलिस लाइन्स, कमिश्नरेट प्रयागराज से निकली इस रैली को मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सुदृढ़ करना है। इसी कड़ी में महिला पुलिसकर्मियों की यह रैली शहर में जागरूकता और विश्वास का संदेश लेकर निकली।
रैली में बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। उनके साथ PRV Dial 112, इंटरसेप्टर, वार्निंग कार, टेल कार, जिप्सी और एम्बुलेंस की प्रभावशाली फ्लीट भी शामिल रही। रैली ने लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय की, जिससे प्रयागराज की सड़कों पर महिला शक्ति और सुरक्षा का अनूठा संदेश गूंजता रहा।
इस मौके पर मंडलायुक्त महोदया के आशीर्वचन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) एन. कोलांची, अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) अजय पाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) पंकज, अपर पुलिस उपायुक्त (नगर) पुष्कर वर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त (लाइंस) राजकुमार मीना, सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री कृतिका शुक्ला व प्रतिसार निरीक्षक सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रैली सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि मिशन शक्ति 5.0 की उस नई शुरुआत का प्रतीक है, जो हर बेटी को सुरक्षित वातावरण और हर महिला को आत्मनिर्भर पहचान देने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
